पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह के एक प्रशंसक की अनोखी दीवानगी सामने आई है। समस्तीपुर से करीब 120 किलोमीटर दौड़कर उनका फैन बाढ़ स्थित विधायक के आवास पहुंचा। प्रशंसक अपने साथ अनंत सिंह, उनकी बेटी शिवांगी और होने वाले दामाद ऋषिकेश की खून से बनाई तस्वीर लेकर पहुंचा था। इस अनोखे अंदाज ने इलाके में लोगों का ध्यान खींचा।
प्रशंसक की पहचान समस्तीपुर जिले के अंगार घाट निवासी बलराम गिरि उर्फ बम बिहारी टाइगर स्टार के रूप में हुई है। उसने दावा किया कि तीन दिनों की मेहनत से उसने यह तस्वीर तैयार की है। तस्वीर पर अनंत सिंह को ‘छोटे सरकार’ संबोधित करते हुए उनकी बेटी और होने वाले दामाद का नाम भी लिखा गया है।
बलराम के मुताबिक, उसने मंगलवार रात करीब ढाई से तीन बजे समस्तीपुर से अनंत सिंह के आवास के लिए दौड़ शुरू की थी। पीठ पर बैग और हाथ में तस्वीर लेकर वह लगातार आगे बढ़ता रहा। शाम करीब छह बजे वह बाढ़ के नदवां स्थित विधायक के आवास पहुंच गया। इस दौरान उसने लगभग 120 किलोमीटर की दूरी तय की। रास्ते में लोगों ने उसकी इस यात्रा को देखकर हैरानी जताई।
बलराम ने बताया कि वह अनंत सिंह का बड़ा प्रशंसक है और उनकी बेटी की शादी में शामिल होने की इच्छा रखता था। इसी चाहत में उसने दौड़कर उनके घर पहुंचने का फैसला किया।
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को पैतृक गांव लदमा (नदवां), बाढ़ में होने वाली है। शिवांगी की शादी बिहटा के कृष्णा नगर निवासी ऋषिकेश से तय हुई है। शादी को लेकर परिवार में भव्य तैयारियां चल रही हैं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

