सतगावां के माधोपुर के पास वाहन जांच के दौरान मिली सफलता, गिरिडीह से शराब लेकर बिहार के नवादा जा रहा था तस्कर; सिंडिकेट के सरगना की तलाश में जुटी पुलिस
कोडरमा:जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सतगावां थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 700 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्सयूवी कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं, मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्कर सतगावां के रास्ते एक निजी चारपहिया वाहन से शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
माधोपुर के पास पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस टीम ने रणनीति के तहत माधोपुर के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध एक्सयूवी कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।
इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की करीब 700 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब से लदी एक्सयूवी कार को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरिडीह से शराब लेकर बिहार के नवादा जा रहा था चालक
गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी शिव कुमार रॉय के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वह शराब की खेप झारखंड के गिरिडीह जिले की ओर से लेकर आ रहा था। उसकी योजना सतगावां के रास्ते शराब को बिहार के नवादा पहुंचाने की थी।
शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में पुलिस
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित मुख्य सरगना की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। कोडरमा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

