इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में पैसों के विवाद ने लिया खूनी रूप, पिस्टल लेकर घर में घुसे बदमाशों ने की फायरिंग; पुलिस की देरी से पहुंचने पर उठे सवाल
रांची: राजधानी रांची में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद बुधवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटू महतो उर्फ मिथिलेश के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हथियारों से लैस कुछ बदमाश विकास महतो के घर पहुंच गए। घर के बाहर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बदमाशों का विरोध किया और उन्हें वहां से हटने पर मजबूर किया।
इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद विकास महतो अपने भाइयों और परिवार के सदस्यों के साथ घर की बाउंड्री के अंदर चले गए। आरोप है कि इसी दौरान एक अपराधी पिस्टल लेकर घर के अंदर घुस गया और फायरिंग कर दी। गोली लगने से विकास महतो के भाई मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस की देरी से पहुंचने पर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि मारपीट की सूचना पुलिस को पहले ही दे दी गई थी, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने के कारण अपराधियों को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने में हुई देरी और उसके कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
लगातार दूसरी हत्या से दहली राजधानी
रांची में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को धुर्वा थाना क्षेत्र में चाकू से गोदकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इसके अगले ही दिन सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में गोली मारकर युवक की हत्या की घटना सामने आ गई। लगातार दो दिनों में हुई इन वारदातों से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
उपमहापौर ने उठाया कानून-व्यवस्था का मुद्दा
घटना को लेकर रांची के उपमहापौर ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि राजधानी में लॉ एंड ऑर्डर एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी, लेकिन यदि पुलिस के पहुंचने में देरी हुई है तो इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। पैसों के विवाद में हुई इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी रांची की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

