वीर कुंवर सिंह चौक के पास की घटना,तिलैया पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चारों युवक पकड़ाए
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया में नाबालिग लड़की के कथित अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। वीर कुंवर सिंह चौक के पास हुई इस घटना के बाद तिलैया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अपने साथ ले जाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया। हिरासत में लिए गए सभी युवकों को तिलैया थाना लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें हिरासत में लिए गए युवकों की क्या भूमिका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल तिलैया पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।