रांची से होगी अभियान की शुरुआत, 5नवंबर तक छह जिलों में होंगे कार्यक्रम;कांग्रेस की कथित दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करने का दावा
रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2 नवंबर से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा शुरू करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के पहले चरण में राज्य के छह जिलों में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत 2 नवंबर को राजधानी रांची से होगी। इसके बाद 3 नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, 4 नवंबर को पलामू तथा 5 नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि दीपावली से पहले पहले चरण में छह जिलों में पदयात्रा आयोजित की जाएगी। छठ महापर्व के बाद राज्य के शेष जिलों में भी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक जिले में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
छह जिलों में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने पदयात्रा के सफल संचालन के लिए अलग-अलग जिलों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
रांची: प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह
गिरिडीह: प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी
हजारीबाग: पूर्व विधायक बिरंची नारायण
पलामू: प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा
जमशेदपुर: विधायक राज सिन्हा
दुमका: प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा
कांग्रेस की राजनीति को जनता के सामने रखेगी भाजपा
पदयात्रा के उद्देश्य पर जानकारी देते हुए मनोज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा और निराशा करार देते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस की कथित दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी।
मनोज सिंह ने कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आपातकाल की याद दिलाकर कांग्रेस पर हमला
भाजपामहामंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की बात कर रही है, लेकिन देश आपातकाल के उस दौर को नहीं भूला है, जब तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं से ऊपर परिवार को रखने की राजनीति की है। मनोज सिंह ने नेपाल और बांग्लादेश की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में तख्तापलट जैसी अराजक सोच रखने वालों को जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाएगी भाजपा
मनोज सिंह ने बताया कि इस पदयात्रा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, सुशासन और विकास कार्यों को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का यह अभियान राज्यभर में जनसंपर्क का माध्यम बनेगा।
रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट

