पटना: राजधानी में ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027 का पोर्टल आज लॉन्च किया गया। पटना में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने पोर्टल का शुभारंभ किया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह कन्वेंशन बिहार के विकास को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इसमें देश-विदेश के शिक्षाविद, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और बिहार के प्रवासी शामिल होंगे

ग्लोबल कन्वेंशन का आयोजन 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इससे पहले 10 और 11 जनवरी को प्री-कन्वेंशन इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें करीब 15 सौ प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट और बिहार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कन्वेंशन का मुख्य उद्देश्य बिहार के औद्योगीकरण को गति देना, सतत शहरीकरण को बढ़ावा देना तथा शिक्षा और कौशल विकास को मजबूत करना है।

आयोजकों के मुताबिक, यह सम्मेलन 2047 तक समृद्ध, समावेशी और टिकाऊ बिहार के निर्माण का रोडमैप तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट