पटना। संसद के मॉनसून सत्र में महंगाई और GST के मुद्दे पर कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस सदन से लेकर सडक पर प्रदर्शन कर रही है. संसद के दोनों ही सदनों में महंगाई और GST को लेकर विपक्ष सदन नहीं चलने दे रहा। मंगलवार को राज्यसभा में सभापति के बार बार आग्रह के बाद भी विपक्षी सांसद वेल में आकर नारेबाजी कर रहे थे। बार बार की चेतावनी के बाद भी जब कुछ विपक्षी सांसद शांत नहीं हुए तो विपक्ष के19 सांसदों को सप्ताह के शेष भाग के लिए सस्पेंड कर दिया गया।
जिन सांसदों को सस्पेंड किया गया है उनमें तृणमूल सांसद सुष्मिता देव, डॉ शांतनु सेन, डोला सेन, शांता छेत्री, मोहम्मद अब्दुल्ला, एए रहीम, कनिमोझी, एल यादव और वी वी. शिवादासन, अबीर रंजन विश्वास, नदीमुल हक सहित कई सांसद शामिल हैं।
इससे पहले सोमवार को लोकसभा में भी कांग्रेस के 4 सांसदों को पूरे मॉनसून सत्र से निलंबित कर दिया गया। वे वेल में आकर तख्तियां लहरा कर प्रदर्शन कर रहे थे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बार बार चेतावनी दी थी। लेकिन इसके बाद सदन में तख्तियां दिखाकर प्रदर्शन करने और आसन की अवमानना करने के मामले में कांग्रेस के चार सदस्यों-मणिकम टैगोर, टी एन प्रतापन, जोतिमणि और राम्या हरिदास को पूरे सत्र से निलंबित कर दिया गया था।
