PATNA :बीजेपी के यदुवंशी सम्मेलन के बाद बिहार में सियासी संग्राम शुरू हो गया है। लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी की तरफ से अब भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं के ऊपर ताबड़तोड़ हमले शुरू हो गये हैं। बीजेपी नेताओं पर आरजेडी की तरफ से किए जा रहे जुबानी हमले के बाद केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने मोर्चा संभाल लिया है और लालू प्रसाद और उनके कुनबे पर सीधा प्रहार करना शुरू कर दिया है।


लालू प्रसाद को नित्यानंद राय की खुली चुनौती

कशिश न्यूज़ से खास बात करते हुए केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लालू प्रसाद को खुली चुनौती दी है और कहा है कि वे लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव के क्षेत्र राघोपुर में भी चर्चा करने को तैयार है कि कौन गौहत्या करवाता है और कौन गौसेवक है।


कहा : है हिम्मत तो मेरे खिलाफ तेजप्रताप को बनाएं उम्मीदवार, आप हारे तो फिर...

"लालू प्रसाद में है हिम्मत तो..."

इसके साथ ही बीजेपी नेता नित्यानंद राय ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने समाज पर ही भरोसा नहीं है इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनवाया था। अगर उनमें हिम्मत है तो किसी गरीब यादव को डिप्टी सीएम बनाकर दिखा दें।


वहीं, तेजप्रताप यादव के उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारने वाले लालू प्रसाद के बयान पर नित्यानंद राय ने कहा कि अगर लालू प्रसाद में हिम्मत है तो अपने परिवार के किसी भी सदस्य को मेरे खिलाफ चुनावी मैदान में उतारें और अगर हम हार गये तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा और अगर लालू प्रसाद जी हार गये तो वे सियासत से संन्यास ले लेंगे।

"मेरा परिवार..परिवारवादी नहीं"

इसके साथ ही नित्यानंद राय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इनलोगों की हार तय है। ये लोग परिवार से आगे नहीं बढ़ सकते हैं। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि मेरा परिवार परिवारवादी नहीं है। जब मैं विधायक बना तो मेरे पिताजी ने मुखिया पद छोड़ दिया था और संन्यास ले लिया था।