देवघर:झारखंड के देवघर में दुर्गा पूजा मेला देखने आए बिहार के20वर्षीय युवक रोशन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रोशन बिहार के गोढ़ियारी का रहने वाला था और दोस्तों के साथ देवघर में मेला देखने पहुंचा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दोस्तों के साथ मेला देखने आया था रोशन
मिली जानकारी के अनुसार,रोशन कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा मेला देखने देवघर आया था। मृतक के चाचा नागेश्वर प्रसाद ने बताया कि रोशन के देवघर आने के बाद उन्हें उसकी हत्या की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
शरीर पर मिले गोली के निशान
मृतक के चाचा नागेश्वर प्रसाद के फर्द बयान के अनुसार,रोशन की दाहिनी आंख के पास एक गोली लगी थी,जबकि दूसरी गोली छाती पर लगी थी। हालांकि,उसकी हत्या किसने और किस वजह से की,इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
रंगा मोड़ के पास दोस्तों के बीच विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,देर रात रंगा मोड़ के समीप दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद गोलीबारी की घटना सामने आई,जिसमें रोशन कुमार की मौत हो गई। हालांकि,विवाद और गोलीबारी के बीच संबंध तथा घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। जांच में हत्या के कारणों,गोलीबारी में शामिल लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देवघर से अमर पाठक की रिपोर्ट

