कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन महासेतु से उत्तर-दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी होगी मजबूत,करीब 5हजार करोड़ की लागत से बनी परियोजना से लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
पटना: कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ किए जाने पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार का बिहार के विकास और नवनिर्माण में योगदान ऐतिहासिक रहा है। उनके नाम पर इस महत्वपूर्ण महासेतु का नामकरण उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ केवल गंगा नदी पर बना एक पुल नहीं है, बल्कि यह बिहार के विकास, सुशासन और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह महासेतु एनडीए गठबंधन की विकासवादी सोच और बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प को दर्शाता है।
करीब 5हजार करोड़ की लागत से तैयार हुआ महासेतु
श्रवण कुमार ने बताया कि कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु की परियोजना करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। इसका मुख्य पुल लगभग 9.76 किलोमीटर लंबा है, जबकि एप्रोच रोड सहित पूरी परियोजना की लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है।
उन्होंने कहा कि यह महासेतु उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को नई मजबूती प्रदान करेगा। इसके शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच संपर्क पहले से अधिक सुगम होगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
राघोपुर दियारा के लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी होगी दूर
मंत्री ने कहा कि एक समय था जब गंगा के इस पार और उस पार के क्षेत्रों के बीच आवागमन का प्रमुख साधन नाव हुआ करता था। राघोपुर दियारा सहित आसपास के इलाकों के लोगों को हर साल बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान आवागमन की गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
कई बार इन क्षेत्रों का संपर्क मुख्य भूमि से कट जाता था। नाव दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब ‘नीतीश सेतु’ के शुरू होने से इन इलाकों के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और वे सालोंभर विकास की मुख्यधारा से जुड़े रह सकेंगे।
बेटियों की शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक को मिलेगा लाभ
श्रवण कुमार ने कहा कि इस महासेतु का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को मिलेगा। क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा हासिल करने, रोजगार के अवसरों तक पहुंचने और राजधानी पटना आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए पटना पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वहीं, किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
महात्मा गांधी सेतु पर कम होगा यातायात का दबाव
मंत्री ने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ के चालू होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही पटना, वैशाली, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गंगा की पवित्रता और प्राकृतिक प्रवाह का रखा गया ध्यान
श्रवण कुमार ने कहा कि महासेतु के निर्माण में मां गंगा की पवित्रता और प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने का भी ध्यान रखा गया है। पुल के स्तंभों के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है, ताकि स्टीमर और जल परिवहन के अन्य साधनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना तकनीकी विकास के साथ पर्यावरण और नदी के प्राकृतिक स्वरूप के प्रति संवेदनशीलता का भी उदाहरण है।
आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी बिहार के विकास की यह उपलब्धि
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ बिहार की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण सेतु है। यह न्याय के साथ विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की सोच का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह महासेतु बिहार की आर्थिक प्रगति, ग्रामीण विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण को नई दिशा देगा। आने वाली पीढ़ियां इसे बिहार के विकास की ऐतिहासिक यात्रा के महत्वपूर्ण प्रतीक के रूप में याद रखेंगी।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

