छठ महापर्व को लेकर बिहार अलर्ट, निजी नावों और पटाखों पर प्रतिबंध, 500 मेडिकल कैंप तैनात, DGP कंट्रोल रूम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक अगले चार दिनों के दौरान नदी और तालाबों में निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी। घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्यभर में 500 से अधिक मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों में डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
पुलिस मुख्यालय ने छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर 0612-2294318, 2294319 और 2294323 पर संपर्क कर सकते हैं।
सभी प्रमुख घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर, मोटरबोट और लाइफ जैकेट उपलब्ध रहेंगे। खतरनाक घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती होगी। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने क्विक रिस्पॉन्स टीम को पूरे पर्व के दौरान 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। किसी भी आपात स्थिति, भीड़ के दबाव या अफवाह पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी घाटों पर तैनात रहेंगी।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने सभी 38 जिलों में मेडिकल टीमों का गठन किया है। जिला अस्पतालों में 15-15 और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 35-35 बेड आपात स्थिति के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां 17 नवंबर तक रद्द कर दी गई हैं।
बिजली से संबंधित किसी भी शिकायत या आपात सूचना के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से छठ महापर्व मनाने की अपील की है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

