NEET UG Result 2026 : मानसिक तनाव को मात देकर गया की अपर्णा ने NEET UG में हासिल किए 620 अंक
गया जी: पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द होने से उपजे मानसिक तनाव को पीछे छोड़ते हुए गया की अपर्णा नेNEET UG 2026में620अंक हासिल कर सफलता की मिसाल पेश की है. जदयू नेता एवं छोटे व्यवसायी अजीत शर्मा की बेटी अपर्णा ने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है. उसने इसी वर्ष इंडस विजन एकेडमी से12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है.
छात्रा अपर्णा ने बताया कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह पूरी तरह निराश हो गई थी. तभी उसके पिता ने कहा, "यह री-नीट नहीं, बल्कि रियल नीट है, जिसमें तुम्हें खुद को साबित करना है." पिता की इस सीख ने उसका आत्मविश्वास लौटाया और उसने दोबारा पूरी मेहनत से तैयारी शुरू की.
उसके पिता अजीत शर्मा ने बताया कि परीक्षा रद्द होने के बाद बेटी तनाव और चिंता से जूझ रही थी, लेकिन परिवार ने उसका हौसला बढ़ाया और उसे गया में ही रहकर तैयारी कराई.
वहीं मां सीमा कुमारी ने कहा कि अपर्णा की अनुशासित पढ़ाई और खामोश मेहनत पर उन्हें हमेशा भरोसा था. अपर्णा हमेशा पढ़ाई के प्रति सजग रहती थी और कड़ी मेहनत किया करती थी, यही वजह है कि आज उसे सफलता हाथ लगी है.
वहीं अपर्णा ने कहा कि कठिन परिस्थितियों ने उसे मानसिक रूप से और मजबूत बनाया. अब वह काउंसलिंग के जरिए अच्छे मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर एक संवेदनशील डॉक्टर बनना चाहती है. उसने छात्रों को संदेश दिया कि परिस्थितियां कैसी भी हों, सफलता का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर मेहनत और नियमित टेस्ट प्रैक्टिस है.
गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-





