गोविंदपुर के महेशपुर गांव के पास अवैध बालू ढुलाई रोकने पहुंची थी टीम,चारों तरफ से घेरकर की गई मारपीट;एक ट्रैक्टर जब्त,दूसरा लेकर फरार हुए हमलावर।
नवादा: बिहार के नवादा जिले में अवैध बालू कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। गोविंदपुर प्रखंड के महेशपुर गांव के पास बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में खनन विभाग के इंस्पेक्टर अमन कुमार समेत चार लोग जख्मी हो गए। घायलों में खनन विभाग के दो कर्मी और दो होमगार्ड जवान शामिल हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आ रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, खनन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि महेशपुर इलाके में अवैध तरीके से बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों के माध्यम से ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर बालू लदे ट्रैक्टरों का पीछा करना शुरू किया।

नवादा में बालू माफियाओं का खनन विभाग की टीम पर हमला, इंस्पेक्टर समेत 4 कर्मी जख्मी

खनन विभाग की टीम पर घेरकर हमला
इसी दौरान महेशपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि तभी अचानक कई लोगों ने खनन विभाग की टीम को चारों तरफ से घेर लिया और अधिकारियों एवं जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में इंस्पेक्टर अमन कुमार समेत चार लोग जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान खनन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि दूसरा ट्रैक्टर लेकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

हमले के बाद इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद घायल खनन विभाग के कर्मियों और होमगार्ड जवानों ने अपना इलाज कराया। वहीं, इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी चर्चा तेज है। फिलहाल हमला करने वाले लोगों की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट