मुजफ्फरपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा अब शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा, मुजफ्फरपुर में भी देखने को मिलेगी। जेल परिसर में छठ पूजा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और कारा प्रशासन की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में बेहतर और आकर्षक व्यवस्था की गई है। जेल में कुल 98 सजावार एवं विचाराधीन महिला और पुरुष बंदी छठ व्रत करेंगे। इनमें 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल हैं। खास बात यह है कि व्रत रखने वालों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी शामिल हैं। यह आयोजन आस्था, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करेगा।

छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी और चूड़ियों की व्यवस्था की गई है, जबकि पुरुष व्रतियों को धोती, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा पूजा के लिए डाला, सूप, पकवान, फल और मिठाई समेत सभी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जेल परिसर स्थित छठ घाट की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया जा रहा है। घाट को केले के पेड़, रंग-बिरंगे गुब्बारों, झालरों, फूल-मालाओं और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। महापर्व का पारंपरिक माहौल बनाने के लिए जेल रेडियो के माध्यम से महान लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के छठ गीत भी बजाए जा रहे हैं।

सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से पांच तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। जेल की चारदीवारी के भीतर छठ का यह आयोजन आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट