Hindi News / गरीब कल्याण, विकास और मजबूत भारत की नई पहचान – केंद्रीय गृह राज्यमंत्री...

मोदी सरकार के 12 साल : गरीब कल्याण, विकास और मजबूत भारत की नई पहचान – केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय

Edited By:  |
modi sarkar ke 12 saal modi sarkar ke 12 saal

गयाजी : केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने शहर के सर्किट हाउस में गुरुवार कोप्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को देश के सामने रखा. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह कार्यकाल गरीब कल्याण,सुशासन,विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा को समर्पित रहा है.

नित्यानंद राय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का मकान मिला है,जबकि 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है. उन्होंने बताया कि 58 करोड़ जनधन खाते खोले गए और डीबीटी के माध्यम से 11 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वामी विवेकानंद के उस सपने को साकार करने का काम किया है,जिसमें भूख,गरीबी और अशिक्षा से मुक्त भारत की कल्पना की गई थी. आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है.

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया है.

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है. कृषि बजट में कई गुना वृद्धि हुई है. स्वास्थ्य क्षेत्र में 43 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं,जिससे गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है.

उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय 46 हजार रुपये से बढ़कर दो लाख रुपये से अधिक हो गई है. बेरोजगारी दर में कमी आई है और लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं. सड़क,रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विकास हुआ है.

नित्यानंद राय ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण मोदी सरकार के नेतृत्व में संभव हो पाया. साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश में नक्सलवाद और आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है.

उन्होंने कहा कि भारत को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों द्वारा सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किए गए हैं. वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प तेजी से आगे बढ़ रहा है,जिसमें युवा,महिला,किसान और गरीब सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए "भारत माता की जय" के उद्घोष के साथ अपने संबोधन का समापन किया.

गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-