पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में बिहार की सांस्कृतिक विरासत और पटना स्थित बिहार म्यूजियम की सराहना की। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से बिहार म्यूजियम का उल्लेख किए जाने को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे बिहार की ऐतिहासिक पहचान और पर्यटन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और कला-संस्कृति को संरक्षित करने के प्रयासों की प्रशंसा की। पटना स्थित बिहार म्यूजियम अपनी आधुनिक संरचना, विश्वस्तरीय प्रदर्शनी व्यवस्था और ऐतिहासिक कलाकृतियों के संग्रह के लिए विशेष पहचान रखता है।
म्यूजियम में बिहार के प्राचीन इतिहास, सभ्यता, कला और संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहरों को संरक्षित किया गया है। इसका उद्देश्य केवल पुरातात्विक वस्तुओं का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को बिहार के गौरवशाली अतीत और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है।
नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुआ था निर्माण
बिहार म्यूजियम का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में कराया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूर्व में म्यूजियम का भ्रमण कर चुके हैं और इसकी आधुनिक संरचना तथा प्रदर्शित कलाकृतियों की सराहना कर चुके हैं।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
प्रधानमंत्री मोदी की सराहना से बिहार म्यूजियम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे राज्य में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ देश-विदेश के पर्यटकों का आकर्षण भी बढ़ सकता है। बिहार की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और उसे वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के प्रयासों को भी प्रधानमंत्री के इस उल्लेख से प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नेताओं ने सुनी 'मन की बात'
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनने के लिए पटना स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय के अटल सभागार में सामूहिक आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

