सीवान: बिहार के सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र स्थित मैरवा धाम के पास सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर कथित गोमांस तस्करी का मामला सामने आया है। यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक टेंपो को रोककर उसमें लदे दो क्विंटल से अधिक मांस बरामद होने की जानकारी दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टेंपो चालक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया।

सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं ने रोका टेंपो

मिली जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक टेंपो में गोमांस ले जाया जा रहा है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मैरवा धाम के पास टेंपो को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में मांस लदा मिला। बताया जा रहा है कि बरामद मांस का वजन दो क्विंटल से अधिक है।

दो लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में

इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के हाकम गांव निवासी बहारन अली, पिता नेमुला खान और मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी टेंपो चालक नेमुल्लाह खान, पिता मोहम्मद्दीन खान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मैरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टेंपो और उसमें लदे मांस को अपने कब्जे में लेते हुए दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

मांस की प्रकृति की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद मांस की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि आवश्यक जांच और परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मांस कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में जांच पूरी होने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

सीवान से निरंजन कुमार की रिपोर्ट