लोकसभा में पेश किए जाने के लिए तैयार 132वें संविधान संशोधन विधेयक 2026 ने देश और खासकर झारखंड की राजनीति में बड़े बदलाव की आहट दे दी है। इस प्रस्तावित विधेयक में संसद और हर राज्य की विधानसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। यदि यह लागू होता है, तो झारखंड विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर करीब 122 और लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 तक पहुंच सकती हैं। सबसे अहम बात यह है कि इसके बाद वर्ष 2051 तक दोबारा परिसीमन की अनिवार्यता नहीं रहेगी। इस विधेयक के तहत आरक्षण का आधार संशोधन लागू होने के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़े होंगे। फिलहाल जनगणना 2027 की प्रक्रिया चल रही है। अगर संशोधन लागू होने से पहले इसके आंकड़े प्रकाशित हो जाते हैं, तो सीटें नई जनगणना के आधार पर तय होंगी। लेकिन यदि संशोधन पहले लागू होता है, तो 2011 की जनगणना को आधार माना जाएगा। ऐसे में अनुपातिक रूप से एसटी सीटों की हिस्सेदारी घट सकती है और एससी सीटों की संख्या बढ़ सकती है। झारखंड के लिए परिसीमन का सबसे संवेदनशील पहलू आदिवासियों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व है। अभी राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 28 एसटी और 9 एससी के लिए आरक्षित हैं। 50 प्रतिशत के सीधे अनुपात से देखें तो एसटी सीटें 42 और एससी सीटें 13 से 14 हो सकती हैं। पर संविधान के अनुच्छेद 332 (3) के तहत 2011 की जनगणना के जनसंख्या अनुपात को देखा जाए—जहां राज्य में एसटी आबादी 2001 के 26.3 प्रतिशत से घटकर 2011 में 26.21 प्रतिशत रह गई—तो एसटी सीटें 32 और एससी सीटें 15 हो सकती हैं।
इसका सीधा अर्थ है कि विधानसभा में आदिवासी आरक्षित सीटों की हिस्सेदारी 34.57 प्रतिशत से घटकर 26.23 प्रतिशत पर आ सकती है, यानी कुल सीटों में करीब 50 प्रतिशत वृद्धि के बावजूद एसटी सीटों में केवल 14.29 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। हालांकि अंतिम आंकड़ा आरक्षण के तय फॉर्मूले पर निर्भर करेगा। यहाँ एक बड़ी व्यावहारिक चुनौती भी है। 2011 में झारखंड की आबादी 3.29 करोड़ थी। बीते 15 वर्षों में रांची, धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो जैसे शहरों के विस्तार, शहरीकरण, औद्योगिकीकरण और पलायन ने आबादी का भूगोल बदल दिया है। 2011 के आंकड़ों से परिसीमन होने पर ये ताज़ा बदलाव दर्ज नहीं हो पाएंगे, और 2051 तक नई व्यवस्था कायम रहेगी। नए परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने का भी प्रस्ताव है। झारखंड विधानसभा की सीटें करीब 122 होने पर 40 से 41 महिला विधायक चुनकर आ सकती हैं, जबकि संभावित 21 लोकसभा सीटों में से 7 सीटों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व मिल सकता है, जिसमें एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं की भागीदारी भी शामिल होगी। कुल मिलाकर, यह विधेयक झारखंड की लोकतांत्रिक तस्वीर को लंबे समय के लिए गढ़ सकता है।
