लखीसराय:बिहार के लखीसराय जिले के बड़हिया नगर क्षेत्र स्थित श्रीधर सेवाआश्रम में देर शाम उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अपनी होने वाली दुल्हन से मिलने पहुंचे एक युवक को लड़की के परिजनों ने पकड़ लिया। दोनों की शादी आगामी 15 मार्च को तय थी, लेकिन शादी से पहले हुई इस मुलाकात ने अचानक नया मोड़ ले लिया। देखते ही देखते मामला हंगामे से होते हुए कथित तौर पर शादी तक पहुंच गया।

परिजनों ने पकड़ा तो युवक ने भर दिया सिंदूर

मिली जानकारी के अनुसार, मोकामा निवासी युवक अपनी होने वाली पत्नी से मिलने श्रीधर सेवाआश्रम पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक ने लड़की की मांग में सिंदूर भर दिया। इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

डुमरी की युवती और मोकामा का युवक

मिली जानकारी के मुताबिक, युवती की पहचान लखीसराय जिले के डुमरी निवासी रंजीत तांती की पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं युवक की पहचान मोकामा निवासी अनु प्रसाद के पुत्र सुमित कुमार के रूप में बताई गई है। सुमित टाइल्स और मार्बल की ठेकेदारी का काम करते हैं।

पुलिस दोनों को थाने ले गई

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। शादी से पहले हुई इस घटना और युवक द्वारा सिंदूर भरने के दावे को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट