कोडरमा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान : सड़क किनारे दुकानदारों और अवैध पार्किंग करने वालों को मिली हिदायत
कोडरमा: कोडरमा नगर पंचायत में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है. एसडीओ निर्मल सोरेन के नेतृत्व में चले इस अभियान में सड़क और नाले के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ लोगों को हिदायत भी दी गई. कोडरमा बाजार में एसडीओ निर्मल सोरेन के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया.
ठेले, दुकानों और अवैध पार्किंग करने वालों को चेतावनी
अधिकारियों ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानों और अवैध पार्किंग करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क और नालों के आस-पास अतिक्रमण से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है और यातायात भी प्रभावित होता है. प्रशासन ने लोगों से खुद अतिक्रमण हटाने की अपील की है.अधिकारियों ने दोबारा नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने यह भी कहा कि यह अभियान केवल कोडरमा ही नहीं,बल्कि तिलैया समेत अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा.
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी, अंचल अधिकारी रवि भूषण प्रसाद, कार्यपालक पदाधिकारी शंभू कुशवाहा, थाना प्रभारी विकास पासवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.





