कटिहार जेल में छापेमारी : DM और SP की रेड में भारी मात्रा में कैश और संदिग्ध सामान बरामद
कटिहार : जिला प्रशासन ने कटिहार मंडल कारा में बड़ी कार्रवाई करते हुए औचक छापेमारी की है. जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एसपी शिखर चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ जेल परिसर के अंदर सघन तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान जेल के हर वार्ड और सेल को बारीकी से खंगाला गया जिससे कैदियों और जेल कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया.
जेल में तलाशी के दौरान कैदियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और नुकीला बेल्ट बरामद किया गया जिसे सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक माना जा रहा है. सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी नकदी जेल के अंदर कैसे पहुंची.
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि अभियान पूरी तरह योजनाबद्ध था और जेल के चप्पे-चप्पे की जांच की गई है. वहीं डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि जेल के भीतर अनुशासन बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई है. बरामद सामानों की जांच की जा रही है और सुरक्षा में चूक पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट--





