पटना/बक्सर : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को बक्सर जिले के बड़का ढाकाइच गांव में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया. उन्होंने गांव-गांव तक संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वे 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय रहे और जनसंघ तथा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे. बिहार सरकार में वित्त मंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया.
ईडब्ल्यूएस आरक्षण को बताया सामाजिक न्याय की जीत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कैलाशपति मिश्र का विचार था कि गरीबी किसी जाति को देखकर नहीं आती. आर्थिक रूप से कमजोर प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने ईडब्ल्यूएस के तहत 10 प्रतिशत आरक्षण को उनके अंत्योदय और सामाजिक न्याय के विचारों की ऐतिहासिक जीत बताया. उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा और रोजगार में आगे बढ़ने का अवसर मिला है.
जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा
संजय सरावगी ने बताया कि बिहार सरकार ने कैलाशपति मिश्र की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने के निर्णय को मंत्रिमंडल की स्वीकृति दी है. अक्टूबर 2027 से उनकी जयंती राजकीय सम्मान के साथ मनाई जाएगी. उन्होंने कैलाशपति मिश्र स्मृति परिषद की मांगों को पूरा कराने का प्रयास करने तथा उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन भी दिया.
कार्यक्रम में नित्यानंद राय, विजय कुमार सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया, आनंद मिश्रा, संतोष निराला सहित कई नेता उपस्थित रहे. अंत में सरावगी ने कार्यकर्ताओं से कैलाशपति मिश्र के आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का आह्वान किया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
