सरायकेला के चांडिल स्थित धातकीडीह मामा घर में पारिवारिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ स्वागत,प्रशासन की ओर से दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
सरायकेला: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित अपने मामा घर पहुंचे। मुख्यमंत्री अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के निधन के बाद पारिवारिक परंपरा के तहत होने वाली रस्म अदायगी के लिए धातकीडीह (कांगलाटांड़) स्थित मामा घर पहुंचे थे। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का स्वागत किया गया। वहीं, प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
मां के निधन के बाद पारिवारिक परंपरा निभाने पहुंचे मामा घर
गौरतलब है कि बीते दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की ओर से अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन समेत सभी पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। इन्हीं पारिवारिक परंपराओं के तहत मुख्यमंत्री अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को मामा घर पहुंचे।
झारखंडी समाज में मामा घर जाकर रस्म निभाने की है परंपरा
झारखंडी समाज में माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की रस्में पूरी होने के पश्चात मामा घर जाकर पारंपरिक रस्म अदायगी करने की परंपरा प्रचलित है। इस परंपरा के तहत मामा घर में परिवार के सदस्यों का पैर धोकर स्वागत किया जाता है और उन्हें पारंपरिक भोजन कराया जाता है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस रस्म के जरिए छुतका दूर करने की परंपरा निभाई जाती है।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के मामा घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। इस दौरान पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार रस्म अदायगी की गई। मुख्यमंत्री का यह दौरा झारखंडी समाज की पारंपरिक पारिवारिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा रहा।
सरायकेला से विजय की रिपोर्ट

