दोपहर 12से 1बजे तक चलेगा विशेष अभियान, #DownloadECINetहैशटैग के साथ पोस्ट करेंगे विद्यार्थी; 18वर्ष या उससे अधिक उम्र के युवाओं का मतदाता सूची में निबंधन कराने पर जोर
रांची: झारखंड में युवा मतदाताओं को जागरूक करने और पात्र विद्यार्थियों का मतदाता सूची में निबंधन सुनिश्चित करने के लिए 5 नवंबर को राज्यव्यापी सोशल मीडिया महाअभियान चलाया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत यह अभियान दोपहर 12 बजे से अपराह्न 1 बजे तक चलेगा। इस दौरान राज्य के सभी उच्चतर शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों और निदेशकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

#DownloadECINetके साथ सोशल मीडिया पर चलाएंगे अभियान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपने मोबाइल फोन में ECINET ऐप डाउनलोड करने और उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता से जुड़ी सेल्फी, वीडियो संदेश और प्रचार सामग्री फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #DownloadECINet हैशटैग के साथ पोस्ट करने को कहा गया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक मतदाता निबंधन की प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाना है। साथ ही जिन पात्र विद्यार्थियों ने अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, उन्हें फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

18वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं का होगा निबंधन
के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी उच्चतर शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र भारतीय नागरिकों का मतदाता सूची में निबंधन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने संस्थानों के प्राचार्यों और निदेशकों को अपने अधीनस्थ सभी शैक्षणिक संस्थानों में पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा।

ELCप्रभारियों को भी दी गई जिम्मेदारी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) प्रभारियों को अभियान की तैयारी और सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के जरिए यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

बैठक में कई अधिकारी और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस ऑनलाइन बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी लोहरदगा संजय कुमार और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार समेत उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के विभिन्न संस्थानों के प्राचार्य और निदेशक शामिल हुए। निर्वाचन विभाग की इस पहल का लक्ष्य झारखंड के अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता निबंधन के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट