गोपालगंज : बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गोपालगंज के सदौवा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है. शिक्षा मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने ही विधानसभा क्षेत्र के किसी विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री ने स्कूल की व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान मिली कमियों पर उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और जिला शिक्षा पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई. साथ ही जिले के सभी विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया.
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. संबंधित अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को सुधार के लिए एक मौका दिया जा रहा है. यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो प्रधानाध्यापक से लेकर शिक्षा पदाधिकारी तक पर कार्रवाई की जाएगी.
मंत्री ने बताया कि ठीक 15 दिनों बाद सदौवा मॉडल स्कूल का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा. इसके लिए विभाग के वरीय अधिकारी स्कूल पहुंचेंगे और सरकार द्वारा निर्धारित 21 बिंदुओं पर एक-एक व्यवस्था की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हर विद्यालय हमारे भविष्य का केंद्र है और यहीं से विद्यार्थियों के भविष्य की नींव तैयार होती है. इसलिए स्कूलों में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकार का लक्ष्य राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था स्थापित करना है और इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-
