दिल्ली,मुंबई,सूरत और कोलकाता से बिहार-झारखंड आने वाली ट्रेनों में सीटों का संकट,लंबी वेटिंग लिस्ट से यात्री परेशान;कोडरमा स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़
कोडरमा: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर अपने घर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली, मुंबई, सूरत और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से बिहार और झारखंड आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। जनरल बोगियों में भी यात्रियों की भारी भीड़ के कारण पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है। कोडरमा रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़ त्योहारों के दौरान रेल व्यवस्था के सामने खड़ी चुनौती को बयां कर रही है। सुबह से लेकर देर रात तक स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। हर कोई किसी तरह ट्रेन पकड़कर अपने घर पहुंचने की कोशिश में जुटा है।

कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी,तत्काल में भी राहत नहीं
दीपावली और छठ पर घर लौटने की चाहत रखने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन का सफर बड़ी चुनौती बन गया है। दिल्ली, मुंबई, सूरत और कोलकाता से बिहार-झारखंड आने वाली ट्रेनों में सीटों को लेकर जबरदस्त मारामारी है। लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। कई यात्री तत्काल टिकट के जरिए यात्रा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लग रही है। टिकट नहीं मिलने के कारण कई लोगों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ रही है।

दीपावली-छठ पर ट्रेनों में भारी भीड़, कन्फर्म टिकट के लिए मची मारामारी; खचाखच भरी बोगियों ने बढ़ाई परेशानी
जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं
सबसे ज्यादा परेशानी जनरल बोगियों में देखने को मिल रही है। यात्रियों की भीड़ इतनी अधिक है कि ट्रेन में चढ़ना और उतरना तक मुश्किल हो रहा है। परिवार और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। कोडरमा स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोग ट्रेन का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। कई यात्रियों के लिए त्योहार पर घर पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।

स्पेशल ट्रेनें भी साबित हो रही हैं नाकाफी
त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या के मुकाबले मौजूदा व्यवस्था नाकाफी साबित होती दिख रही है। यात्रियों का कहना है कि स्पेशल ट्रेनें चलने के बाद भी कन्फर्म टिकट की समस्या बनी हुई है। वहीं, ट्रेनों की बोगियों में अत्यधिक भीड़ के कारण सफर करना मुश्किल हो रहा है।

हर साल लौटती है भीड़ की समस्या,यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की उम्मीद
दीपावली और छठ के दौरान हर साल बिहार और झारखंड लौटने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसके बावजूद त्योहारों के समय रेल यात्रियों को सीट और टिकट के लिए संघर्ष करना पड़ता है। अब यात्रियों को रेलवे से उम्मीद है कि अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वे सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

कोडरमा से महादेव कुमार की रिपोर्ट