रांची में आज दोपहर अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दोपहर करीब 12:40 बजे शहर में अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गई.अचानक हुई इस बारिश की वजह से सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। चल रहे लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। खुद को भीगने से बचाने के लिए लोग सड़क किनारे दुकानों और शेड के नीचे शरण लेते नजर आए। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में पहले ही चेतावनी दी थी कि 15 अक्टूबर के बाद राजधानी के मौसम में बदलाव आ सकता है और बारिश की संभावना बन सकती है। आज की इस झमाझम बारिश के बाद शहर के तापमान में भारी गिरावट और ठंड बढ़ने की पूरी संभावना है।
आइए जानते हैं आज और आने वाले दिनों में रांची का मौसम कैसा रहने वाला है।
आज रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने और बारिश की वजह से अब शाम ढलते ही सिहरन और ठंडक काफी बढ़ जाएगी।अगर बात आने वाले दिनों की करें, तो 17 और 18 अक्टूबर को भी अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास ही बने रहने की संभावना है। वहीं, 19 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी साफ है कि अब सुबह और रात के समय हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम में हो रहे इस अचानक बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
