झारखंड में ठंड का असर अब धीरे-धीरे तेज होने लगा है। सुबह और शाम के साथ-साथ रात में भी कनकनी बढ़ रही है।मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, और खासकर सुबह जल्दी या देर शाम घर से बाहर निकलने वालों को ठंडी हवाओं के कारण अधिक परेशानी हो सकती है।मौसम विभाग के मुताबिक, 27 नवंबर से दो दिसंबर तक राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रह सकता है।

हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलने से दोपहर में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन जैसे ही सूरज ढलेगा, तापमान तेजी से गिरेगा और कनकनी फिर बढ़ने लगेगी। राहत की बात यह है कि इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, और राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। बीते दिन भी राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रांची का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 0.8 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।अगर अन्य शहरों की बात करें, तो मेदिनीनगर के न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री और अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम और न्यूनतम—दोनों तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।लेकिन सबसे अधिक ठंड लातेहार में महसूस की गई, जहां पारा लुढ़ककर 8.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर को रांची में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।इसके बाद 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12 और 30 नवंबर को 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान सुबह कोहरे का असर दिख सकता है। दिन में धूप से थोड़ी गर्माहट जरूर मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम की ठंड से फिलहाल राहत की उम्मीद कम है।बदलते मौसम और गिरते तापमान को देखते हुए सावधानी बेहद जरूरी है। सुबह जल्दी और देर शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें।