विधि-व्यवस्था संधारण, गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय (रांची) एवं झारखंड सरकार के सहयोग से बोकारो जिला पुलिस को 53 आधुनिक मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। बोकारो पुलिस लाइन में एसपी नाथू सिंह मीणा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन नई बाइक्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मई माह में भी मिली थीं 103 बाइक्स
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि इससे पहले मई माह में भी जिले के थानों को 103 मोटरसाइकिलें वितरित की गई थीं। इस प्रकार अब तक पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार के सहयोग से बोकारो जिले के विभिन्न थानों को कुल 156 आधुनिक मोटरसाइकिलें सौंपी जा चुकी हैं।
जीपीएस और सायरन से लैस हैं मोटरसाइकिलें
सभी मोटरसाइकिलों को विशेष रूप से मॉडिफाई किया गया है। इनमें प्रभावी सायरन सिस्टम के अलावा जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। एक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए वरीय पुलिस पदाधिकारी गश्ती दल (पेट्रोलिंग पार्टी) की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे। इससे गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान कहां ड्यूटी कर रहे हैं, इसकी सटीक जानकारी मिलेगी और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी।
आगामी त्योहारों में अपराध नियंत्रण पर रहेगा जोर
एसपी ने बताया कि आने वाले समय में दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ और दीपावली जैसे प्रमुख पर्व-त्योहार हैं। इन आधुनिक बाइकों से जिले में विशेष और प्रभावी गश्ती की जाएगी ताकि चोरी, लूट और छिनतई जैसी आपराधिक वारदातों पर लगाम लगाई जा सके और आम जनता में सुरक्षा का भाव बना रहे।
