हाजीपुर :केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मंगलवार को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र उजियारपुर में हुए सड़क हादसे में घायल लोगों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
जानकारी के अनुसार उजियारपुर संसदीय क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है. इस घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय मंगलवार को सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने वार्ड में भर्ती घायलों से एक-एक कर मुलाकात कीऔरउनका हाल-चाल जाना एवं हिम्मत बंधाई.
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने इलाज कर रहे चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टरों से पूछा कि घायलों को किस तरह की दवाएं दी जा रही हैं और आगे क्या उपचार की आवश्यकता है. मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी घायलों को हरसंभव बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
साथ ही नित्यानंद राय ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है. दुख की इस घड़ी में वे शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
मंत्री के अस्पताल पहुंचने की सूचना पर अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई. सिविल सर्जन सहित अन्य वरीय चिकित्सक मौके पर मौजूद रहे. इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई स्थानीय कार्यकर्ता और नेता भी मौजूद थे.
हाजीपुर से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट-
