प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अमर्यादित टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने राजनीतिक विरोध में मर्यादाओं की सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।
गृहमंत्री नेXपर पोस्ट कर साधा निशाना
अमित शाह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में अमर्यादित टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से पहले भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए जाते रहे हैं।
अमित शाह ने अपनी पोस्ट में कहा कि यह पहली बार नहीं है,जब कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार को निशाना बनाया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री की माता के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उन्हें चायवाला कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया गया। शाह ने इन घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की राजनीतिक शैली पर सवाल उठाए।
लगातार हार से हताश है कांग्रेस
केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में लगातार चुनावी हार से पार्टी में हताशा और निराशा बढ़ी है। उनके मुताबिक,कांग्रेस के पास अब न कोई नीति बची है और न ही कोई मुद्दा,बल्कि पार्टी गाली-गलौज की राजनीति कर रही है।
अमित शाह ने दावा किया कि कांग्रेस जनता के बीच अपना जनाधार खो रही है और अब उसके कार्यकर्ताओं में भी विश्वास की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं,तब-तब जनता ने उसे जवाब दिया है।
अमित शाह की इस प्रतिक्रिया से राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। हालांकि, खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया और पूरे बयान का संदर्भ भी इस विवाद में महत्वपूर्ण रहेगा।
संजय कुमार की रिपोर्ट

