पटना: बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित समारोह के दौरान उस समय हंगामा हो गया,जब एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की। इसके बाद खरगे और युवक के बीच बहस होने की बात सामने आई। घटना के दौरान कुछ लोगों पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।
मोदी को लेकर युवक की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक,बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में युवक ने कथित तौर पर कहा कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से नहीं जाने वाले। बताया जा रहा है कि युवक छपरा का रहने वाला है। युवक की टिप्पणी पर खरगे ने मंच से जवाब दिया। इसके बाद कार्यक्रम में विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर उसके साथ हाथापाई की। हालांकि,घटना की पूरी परिस्थितियों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बीजेपी और जेडीयू ने साधा निशाना
खरगे की टिप्पणी को लेकर बीजेपी और जेडीयू की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। दोनों दलों ने उनके बयान की आलोचना करते हुए इसे मानसिक दिवालियेपन का परिणाम बताया है। इस घटनाक्रम के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
खरगे ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर भी बोला हमला
अपने संबोधन में खरगे ने बीजेपी,केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वोटर लिस्ट से नाम हटाने और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के आरोप लगाए। उन्होंने बिहार सरकार की नीतियों की भी आलोचना की और आरक्षण तथा परिसीमन का मुद्दा उठाया।
गौरतलब है कि खरगे पटना के बापू सभागार में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह में बिहार कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

