नवादा : बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा अब सात समंदर पार भी लोगों को आकर्षित कर रही है. भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से प्रभावित होकर जापान की शिक्षिका काना मियामुरा बिहार के नवादा जिले पहुंचीं. यहां उन्होंने अकबरपुर प्रखंड के पिरौटा गांव में छठ महापर्व की परंपराओं को करीब से देखा और नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत को समझा.

जापान से बिहार पहुंची काना मियामुरा, छठ महापर्व की परंपराओं को करीब से जाना, ग्रामीण संस्कृति ने किया आकर्षित


जापान से आईं काना मियामुरा ने गांव के धार्मिक वातावरण, स्थानीय लोगों की आस्था और पारंपरिक जीवनशैली को नजदीक से अनुभव किया. भाषा और रीति-रिवाज अलग होने के बावजूद भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी दिलचस्पी देखने को मिली. सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और कठिन नियमों के साथ मनाए जाने वाले इस महापर्व ने उन्हें विशेष रूप से आकर्षित किया.


प्राचीन सूर्य मंदिर है गांव की पहचान


नवादा के पिरौटा गांव में स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर इस क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है. छठ महापर्व के दौरान यहां श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल रहता है. सूर्य उपासना की प्राचीन परंपरा से जुड़े इस मंदिर को देखने और समझने के लिए विदेशी पर्यटक भी पहुंच रहे हैं.


एडवोकेट रंजन कुमार की पहल से बढ़ रहा ग्रामीण पर्यटन


इस पूरे प्रयास में स्थानीय निवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. वे भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ बिहार के गांवों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर पहचान दिलाने की कोशिश कर रहे हैं.


स्थानीय लोग इससे पहले भी जापान से आए पर्यटकों को पिरौटा गांव लेकर पहुंचे थे. होली के अवसर पर विदेशी मेहमानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ त्योहार मनाया था. अब छठ महापर्व के माध्यम से विदेशी पर्यटकों को बिहार की लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.


भारत-जापान सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी मजबूती


स्थानीय रंजन कुमार का मानना है कि किसी देश की वास्तविक पहचान केवल बड़े शहरों और ऐतिहासिक इमारतों में नहीं, बल्कि गांवों की संस्कृति, खानपान, त्योहारों और लोगों की जीवनशैली में भी छिपी होती है.


जापानी शिक्षिका काना मियामुरा का पिरौटा पहुंचना बिहार की सांस्कृतिक विरासत और छठ महापर्व की वैश्विक लोकप्रियता का उदाहरण बन रहा है. इस पहल से ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय रोजगार और भारत-जापान के सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.


पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-