पटना : बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ एक ही श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है, लेकिन राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी परंपराएं और पूजा के तरीके अलग-अलग हैं. खासकर मगध और मिथिलांचल में छठ मनाने की परंपराओं में कई रोचक अंतर देखने को मिलते हैं. कहीं महाप्रसाद में कसार की मिठास है तो कहीं भुसवा की पारंपरिक सुगंध.

मिथिलांचल में छठ पूजा के दौरान गांवों के प्राचीन पोखरों का विशेष महत्व है. यहां स्थिर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है. वहीं मगध क्षेत्र में गंगा, सोन और पुनपुन जैसी नदियों के घाटों पर प्रवाहित जलधारा के बीच अर्घ्य अर्पित किया जाता है. मगध में घाटों पर पुरोहितों द्वारा पूजा कराने की परंपरा भी प्रचलित है.

मिथिला में डाला जगाने तो मगध में कोसी भरने की परंपरा.

मिथिलांचल में संध्या अर्घ्य के बाद डाला घर लाया जाता है. आंगन में चावल के आटे से अरिपन बनाया जाता है और उसके ऊपर डाला रखकर पारंपरिक गीत गाए जाते हैं. इसके बाद सुबह उसी डाला को लेकर घाट पर पूजा के लिए पहुंचते हैं.

वहीं मगध में मन्नत पूरी होने पर कोसी भरने की परंपरा विशेष रूप से प्रचलित है. इसमें गन्ने से घेरा बनाया जाता है और मिट्टी के हाथी के ऊपर चौमुखी दीपक जलाकर छठी मईया की आराधना की जाती है.

प्रसाद में भी अलग-अलग पहचान

छठ के प्रसाद में भी दोनों क्षेत्रों की अलग पहचान है. मगध में गेहूं के आटे और घी से बने ठेकुआ के साथ चावल के आटे और गुड़ से तैयार कसार चढ़ाया जाता है. वहीं मिथिलांचल में इसी तरह के पारंपरिक प्रसाद को भुसवा कहा जाता है.

मिथिला में शाम के अर्घ्य के समय सजाए गए सूप में अगले दिन सुबह भी बदलाव नहीं किया जाता, जबकि मगध में सुबह के अर्घ्य के लिए सूप नए सिरे से सजाने की परंपरा है.

एक ही महापर्व की ये अलग-अलग परंपराएं बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, क्षेत्रीय पहचान और सदियों पुरानी विरासत को दर्शाती है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-