पटना : छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड स्थित प्राचीन देव सूर्य मंदिर परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन किया. मंदिर परिसर का विकास 14.78 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव सूर्य मंदिर प्राचीन एवं धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना के लिए पहुंचते हैं. मंदिर परिसर के विकास से धार्मिक पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. इससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गहरी लोक आस्था और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है. बिहार में सदियों से भगवान सूर्य की उपासना की परंपरा रही है. राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही लोगों से छठ पर्व को शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की.
पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में जी-1 मंगल भवन का निर्माण कराया गया है. इससे शादी-विवाह एवं मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के ठहरने की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा छठ घाट, चहारदीवारी, पाथवे और आकर्षक मुख्य द्वार का भी निर्माण कराया गया है.
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
