अकबरपुर गांव में दो मौतों से सनसनी,युवक एक बच्चे का पिता और महिला दो बच्चों की मां;मृतक के भाई ने प्रेम प्रसंग की बात से किया इनकार
जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले के मखदुमपुर स्थित वाणावर पर्यटन थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में मंगलवार को एक युवक और महिला की मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की मौत को लेकर गांव में प्रेम प्रसंग की चर्चा है। हालांकि, मृत युवक के भाई ने इस दावे से इनकार करते हुए कर्ज और आर्थिक परेशानी को घटना की वजह बताया है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को अलग-अलग श्मशान घाटों से अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

कुछ ही अंतराल पर हुई दोनों की मौत
मृतकों की पहचान अकबरपुर गांव निवासी 23 वर्षीय दुखन चौधरी और 24 वर्षीय रिंकी देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले युवक दुखन चौधरी की मौत हुई और इसके कुछ ही देर बाद महिला रिंकी देवी की भी मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई अंतिम पुष्टि नहीं की गई है।

अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस ने कब्जे में लिए शव
घटना के बाद ग्रामीण दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए थे। इसी दौरान पुलिस को मामले की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बराबर पर्यटन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों श्मशान घाटों से शवों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया।

मृत युवक के भाई ने प्रेम प्रसंग की बात से किया इनकार
इधर, मृत युवक के भाई अमरजीत कुमार ने मामले को लेकर अलग जानकारी दी है। उनका कहना है कि दुखन चौधरी टेंपो की किस्त और कर्ज के बोझ से परेशान था। उन्होंने प्रेम प्रसंग को मौत की वजह मानने से इनकार किया है। बताया गया है कि दुखन चौधरी एक बच्चे का पिता था, जबकि रिंकी देवी के दो बच्चे हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष फूलचंद कुमार यादव ने बताया कि अकबरपुर गांव में युवक और महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

जहानाबाद से चंदन मिश्रा की रिपोर्ट