पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. किशनगंज की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मंगलवार को चार ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए.

बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, रूबी कुमारी और उनके पति के खिलाफ 2 नवंबर को आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया था. प्रारंभिक जांच में दोनों के पास वैध आय से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं. यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक है.

EOU की टीम ने कटिहार स्थित पैतृक मकान, निजी अपार्टमेंट, किशनगंज के सरकारी कार्यालय और किराये के आवास पर तलाशी ली.

छापेमारी के दौरान 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, लगभग छह लाख रुपये के आभूषण खरीदने के दस्तावेज और करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के 10 भूखंडों से संबंधित कागजात मिले.

इसके अतिरिक्त कटिहार के पॉश इलाके में आठ डिसमिल जमीन पर बना पांच मंजिला आलीशान भवन भी सामने आया है. इसके निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च होने की बात कही गई है. भवन का मूल्यांकन कराया जाएगा.

तलाशी में एक स्कॉर्पियो वाहन भी मिला, जिसके बेनामी संपत्ति होने के साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है.

रूबी कुमारी वर्ष 2018 में बिहार शिक्षा सेवा में चयनित हुई थीं. उनके पति गौरव कुमार कटिहार रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं.

EOU के अनुसार, जब्त दस्तावेजों की जांच जारी है. आगे की जांच में संपत्ति का आंकड़ा बढ़ सकता है. संबंधित सक्षम प्राधिकारी को भी मामले से अवगत कराया जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-