शराबबंदी वाले बिहार में तस्करों का नया खेल बेनकाब,श्रीकृष्ण सेतु के पास पुलिस ने पकड़ा शराब से भरा कंटेनर;धनबाद से मुजफ्फरपुर होते हुए मोतिहारी पहुंचाई जानी थी खेप
मुंगेर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। दीपावली के त्योहार पर शराब की मांग का फायदा उठाने के लिए तस्करों ने तस्करी का नया तरीका अपनाया। इस बार चावल की बिल्टी बनाकर कंटेनर में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप भेजी जा रही थी। हालांकि, मुंगेर पुलिस ने शराब माफियाओं की इस चाल को नाकाम कर दिया। श्रीकृष्ण सेतु के पास एसपी की आसूचना इकाई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर शराब से लदे कंटेनर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 200 से अधिक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है।

चावल के कागजात,कंटेनर में भरी थी शराब
जानकारी के अनुसार, एसपी की आसूचना इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते एक कंटेनर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया। सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद के अनुसार, कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 200 से अधिक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जांच में पता चला कि तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए चावल की बिल्टी तैयार कराई थी, जबकि कंटेनर में चावल की जगह शराब की खेप भरी हुई थी।

धनबाद से मोतिहारी पहुंचाई जानी थी शराब की खेप
गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बेलारी थाना क्षेत्र के तेवरखास गांव निवासी मेहरबान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे धनबाद से चावल की बिल्टी देकर कंटेनर को मुजफ्फरपुर होते हुए मोतिहारी जिले के पिपरा कोठी पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, कंटेनर के अंदर चावल की जगह अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि शराब की इस खेप को दीपावली के दौरान अवैध बाजार में खपाने की तैयारी थी।

लगातार दूसरे दिन शराब की बड़ी बरामदगी
सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि मुंगेर में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन और बड़े कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है।

पहले भी 143पेटी शराब हुई थी बरामद
गौरतलब है कि इससे पहले भी श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते 143 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। लगातार दूसरे दिन बड़ी खेप पकड़े जाने से इलाके में सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

चालकों से आगे बढ़कर सरगनाओं तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद लगातार बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर इतनी बड़ी खेप राज्य में कैसे पहुंच रही है? चावल की बिल्टी बनाकर शराब की तस्करी करने के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है? इस अवैध कारोबार के असली सरगना और सप्लायर कौन हैं?
फिलहाल पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क, सप्लायर और शराब के संभावित खरीदारों तक पहुंचने की है।

मुंगेर से अमृतेष सिन्हा की रिपोर्ट