पटना: कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय टीम की सदस्य एवं बिहार के बेगूसराय जिले की बेटी रिया कुमारी का सोमवार को पटना पहुंचने पर शानदार स्वागत किया गया।
पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण ने रिया कुमारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। रिया अहमदाबाद से सीधे पटना पहुंचीं।
इस अवसर पर रवींद्रन शंकरण ने रिया कुमारी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना बिहार के लिए गर्व की बात है। रिया ने अपने प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता बिहार की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने रिया को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर और बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह भी मौजूद थे।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट

