बिहार शिक्षा विभाग की अहम बैठक4नवंबर को,शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर वेतन विसंगति तक पर होगी चर्चा

पटना: बिहार के शिक्षा विभाग में शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर 4 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, वेतन विसंगति और सक्षमता परीक्षा-5 की काउंसलिंग समेत कुल 29 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा होगी। इस बैठक को राज्य के शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केसी अनिल सहित विभाग के सभी निदेशक मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) के कामकाज की भी समीक्षा की जाएगी। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की प्रगति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

ट्रांसफर-पोस्टिंग पर टिकी शिक्षकों की नजर

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ा है। लंबे समय से स्थानांतरण की प्रक्रिया और इससे संबंधित दिशा-निर्देशों को लेकर इंतजार कर रहे शिक्षकों की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं। जानकारी के मुताबिक, 4नवंबर की बैठक में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर नया शेड्यूल जारी किया जा सकता है।

वेतन विसंगति और सक्षमता परीक्षा-5पर भी होगी चर्चा

इसके साथ ही शिक्षकों की वेतन विसंगति के मामले पर भी शिक्षा मंत्री अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। सक्षमता-5 की काउंसलिंग की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की समीक्षा भी की जाएगी।

29एजेंडों पर होगा मंथन

शिक्षा विभाग की इस बैठक में कुल 29 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसमें विभागीय कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही, योजनाओं का क्रियान्वयन और शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों का असर राज्य के हजारों शिक्षकों पर पड़ सकता है। अब सबकी निगाहें 4 नवंबर की बैठक पर टिकी हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट