रांची/सिल्ली:रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र अंतर्गत मूरी ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। नवरात्र के दौरान हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, वहीं दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
चचेरे भाई के साथ घर से निकली थी नाबालिग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब17 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ भैया-भाभी के घर जाने की बात कहकर निकली थी। कुछ समय बाद बच्चा खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा। बच्चे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और लड़की की तलाश शुरू कर दी।
खोजबीन के दौरान गांव के बाहर झाड़ियों से नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर मूरी ओपी की पुलिस और सिल्ली के डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह का पता लगाने और संदिग्धों की पहचान करने के लिए पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल, नाबालिग के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना से जुड़े विस्तृत तथ्यों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच के नतीजों का इंतजार है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

