चतरा:सिमरिया-बगरा रोड पर गोआ पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से डाड़ी बकचोमा गांव निवासी शाहबाज अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से सिमरिया से बगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोआ पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कोयला हाइवा की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

युवक की मौत से नाराज ग्रामीण मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर सिमरिया के सुभाष चौक पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बाईपास बनने तक कोयला ढुलाई बंद करने की मांग

धरनास्थल परJLKM नेता मोहम्मद गुलाम औरJMM नेता मनोज चंद्रा मौजूद हैं। इस दौरानJLKM नेता मोहम्मद गुलाम ने कोयला वाहनों से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार हादसे होने और लोगों की जान जाने के बावजूद बाईपास सड़क के निर्माण को लेकर ठोस पहल क्यों नहीं की जा रही है।

उन्होंने मांग की कि जब तक बाईपास सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक कोयला ढुलाई पर रोक लगाई जाए, ताकि सड़क हादसों में निर्दोष लोगों की जान जाने से बचाया जा सके।

प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और अंचल अधिकारी गौरव कुमार धरनास्थल पर मौजूद हैं। दोनों अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

मुआवजा,इलाज और बाईपास निर्माण की मांग

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें हैं कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, घायल युवक के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए और बाईपास निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही, बाईपास बनने तक कोयला ढुलाई बंद करने की मांग भी उठाई गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। अब सबकी नजर प्रशासन के अगले कदम और ग्रामीणों की मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

चतरा से संजय कुमार कि रिपोर्ट