व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम,बैरिकेडिंग और रोशनी की होगी व्यवस्था,छठ तक घाटों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर रोशनी खलखो ने मंगलवार को निगम के अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

इन 6प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण
महापौर रोशनी खलखो ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब और पावर हाउस छठ तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। महापौर ने निगम की ओर से चलाए जा रहे सफाई अभियान पर संतोष जताया और छठ महापर्व तक सभी घाटों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।

व्रती महिलाओं के लिए बनेंगे चेंजिंग रूम
निरीक्षण के दौरान महापौर ने व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पूजा के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

गहरे पानी वाले क्षेत्रों में होगी बैरिकेडिंग
छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महापौर ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और घेराबंदी करने को कहा, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। इसके अलावा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाएगा निगम
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा समितियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखा जाए। समितियों की ओर से मिलने वाली शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी घाटों की नियमित निगरानी होनी चाहिए और सफाई, सुरक्षा तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता- महापौर
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम का प्रयास है कि लोक आस्था के इस महापर्व पर शहर के सभी छठ घाट स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहें। व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निगम की पूरी टीम लगातार काम कर रही है।

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट