पटना : लोक आस्था का महापर्व छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न हुआ. आज सुबह छठ व्रतियों ने विभिन्न पोखरों एवं तालाबों में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया.
छठ महापर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होने के बाद 14 नवंबर को खरना हुआ. 15 नवंबर यानी रविवार को छठ व्रतियों ने अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य दिया और आज सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ का समापन हो गया.
इसी कड़ी में परसा स्थित हनुमत शिव मंदिर के समीप भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. हालांकि, सुबह गांव में घने कोहरे के कारण सूर्य देव की लालिमा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी, जिसके चलते छठ व्रतियों को सूर्य दर्शन और अर्घ्य देने के लिए कुछ देर इंतजार करना पड़ा.
पूरे चार दिनों तक शुद्धता, स्वच्छता और अटूट आस्था के साथ छठ महापर्व मनाया गया. अर्घ्य और पारण के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी. इसी के साथ लोक आस्था, प्रकृति और सूर्य उपासना का यह महान पर्व भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया.
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-
