पटना/गोपालगंज : आस्था का महापर्व छठ पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार की सुबह बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के शेर घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान उन्होंने विशिष्ट शिक्षिका और व्रती शिल्पी कुमारी के साथ भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की. शिक्षा मंत्री ने छठी मैया से राज्य के शिक्षकों-विद्यार्थियों के अलावा सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर शिक्षकों-विद्यार्थियों के लिए मांगा आशीर्वाद

तिवारी देर रात पटना से बैकुंठपुर पहुंचे. आज सुबह अर्घ्य से पहले उन्होंने महम्मदपुर घाट, तीर घाट सहित क्षेत्र के अन्य छठ घाटों का दौरा किया. वे डुमरिया स्थित नारायणी रिवर फ्रंट के पास बने छठ घाट पर भी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने छठव्रतियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

इससे पहले रविवार की शाम शिक्षा मंत्री ने पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर परिवार के सदस्यों के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया. उनकी पत्नी 36 घंटे का निर्जला व्रत कर रही थीं. आवास परिसर में छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी. यहां बनाए गए कृत्रिम तालाब को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया था.

प्रीतम कुमार की रिपोर्ट-