धनबाद में लंबित आपराधिक मामलों की संख्या लगातार घट रही है। चार हजार से अधिक पेंडिंग केस को घटाकर 1500 से नीचे लाने के लक्ष्य की ओर धनबाद पुलिस तेजी से आगे बढ़ रही है। मासिक अपराध समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया अक्टूबर माह की अपराध समीक्षा में सामने आया कि पूरे जिले में कुल 412 कांड दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने इस दौरान 483 कांडों का निष्पादन किया। यानी दर्ज मामलों की तुलना में 71 अधिक मामलों का निष्पादन हुआ। इसके परिणामस्वरूप लंबित कांडों की संख्या 1633 से घटकर 1562 पर पहुंच गई।

एसएसपी प्रभात कुमार ने दिसंबर तक लंबित मामलों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे नवंबर में ही हासिल करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं।बैठक में एसएसपी ने आगामी महाछठ पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्क रहने को कहा गया। अक्टूबर माह में जिले में कोई बड़ी आपराधिक वारदात दर्ज नहीं होने को भी पुलिस के लिए राहत की बात माना गया।