पटना: छठ महापर्व के बाद बिहार से दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे की ओर से जारी सीट उपलब्धता की सूची के अनुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक बिहार के विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली कई पूजा स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली हैं। इन ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और चेयरकार श्रेणी में यात्रियों को बर्थ मिल सकती है।

पटना, दानापुर, बरौनी, दरभंगा, रक्सौल, पूर्णिया कोर्ट, गया, मुजफ्फरपुर और सहरसा समेत कई स्टेशनों से देश के अलग-अलग शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनसे दिल्ली, मुंबई, हावड़ा, रांची, चेन्नई, बेंगलुरु, चंडीगढ़ और अन्य शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सकती है।

उपलब्ध सूची के मुताबिक, 25 नवंबर को पटना से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल वंदे भारत ट्रेन में चेयरकार की 571 और एग्जीक्यूटिव चेयरकार की 22 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं। वहीं 28 नवंबर की इसी ट्रेन में चेयरकार की 484 सीटें खाली हैं। पटना से हावड़ा जाने वाली स्पेशल ट्रेन में 29 नवंबर को सेकेंड चेयरकार की 1,333 और एसी चेयरकार की 131 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं।

इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन में नवंबर के कई दिनों में स्लीपर और एसी श्रेणी में सीटें उपलब्ध हैं। दानापुर से हड़पसर, दरभंगा से हड़पसर, बरौनी से चेन्नई और रक्सौल से मुंबई जाने वाली ट्रेनों में भी बर्थ खाली होने की जानकारी दी गई है।

रेलवे की इस व्यवस्था से छठ के बाद कामकाज और पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों को लौटने वाले यात्रियों को राहत मिल सकती है। हालांकि सीटों की उपलब्धता लगातार बदलती रहती है। इसलिए टिकट बुक करने से पहले IRCTC या रेलवे के आधिकारिक माध्यम से ट्रेन और तारीख के अनुसार ताजा स्थिति जरूर जांच लें।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट