पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगा घाटों और तालाबों पर संध्या अर्घ्य तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण संपर्क नंबर जारी किए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि घाटों पर जाने से पहले इन नंबरों को अपने मोबाइल में सुरक्षित कर लें।

प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा लगातार घाटों की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। घाटों पर रोशनी, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अंधेरा न हो, इसके लिए जनरेटर भी तैयार रखे गए हैं।

ये हैं महत्वपूर्ण इमरजेंसी नंबर

जिला नियंत्रण कक्ष के लिए 0612-2219810 और 0612-2219234 तथा मोबाइल नंबर 9431800675 जारी किया गया है। पुलिस सहायता के लिए 112 और 9031825979 पर संपर्क किया जा सकता है। पटना सिटी नियंत्रण कक्ष का नंबर 0612-2631813 है।

आपदा प्रबंधन के लिए 1070, अग्निशमन सेवा के लिए 101 और एंबुलेंस के लिए 102 तथा 108 नंबर जारी किए गए हैं।

अस्पतालों को भी किया गया अलर्ट

चिकित्सकीय आपात स्थिति के लिए पीएमसीएच कंट्रोल रूम का नंबर 0612-2300080, आईजीआईएमएस का 9473191807 और पटना एम्स का 9470702184 जारी किया गया है। बिहार स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी तैनात किया है। घाटों पर किसी भी तरह की परेशानी होने पर श्रद्धालु संबंधित नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट