ग्लासगो (स्कॉटलैंड): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर प्रमुख स्कॉटिश राजनेता, शिक्षाविद् एवं सामुदायिक नेता प्रोफेसर ध्रुव कुमार ने बिहार, भारत सहित दुनियाभर में रहने वाले प्रवासी भारतीयों और छठ व्रतियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छठ महापर्व को भारतीय संस्कृति, प्राचीन परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत प्रतीक बताया।

छठ पूजा लोक आस्था का सर्वोच्च पर्व

अपने विशेष संदेश में प्रोफेसर ध्रुव कुमार ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का सर्वोच्च पर्व है। यह दुनिया के उन विशिष्ट पर्वों में शामिल है, जिसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य की समान श्रद्धा और निष्ठा के साथ उपासना की जाती है। यह परंपरा मानवता को विनम्रता, सहनशीलता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देती है।

स्कॉटिश राजनेता प्रोफेसर ध्रुव कुमार ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं, प्रकृति और संस्कृति से जुड़ाव का बताया प्रतीक

छठ पूजा भारतीय संस्कृति की जीवंत पहचान

उन्होंने कहा कि बिहार की पवित्र गंगा और गंडक के तटों से लेकर दुनिया के विभिन्न देशों में जल स्रोतों के किनारे आयोजित होने वाली छठ पूजा भारतीय संस्कृति की जीवंत पहचान है। यह पर्व हमारी आधुनिक पीढ़ी को रामायण और महाभारत काल की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करता है।

कठिन अनुशासन का पर्व है छठ

प्रोफेसर कुमार ने छठ पर्व की पर्यावरणीय महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण प्रदूषण, प्राकृतिक असंतुलन और मानसिक तनाव जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में छठ पूजा का कठिन अनुशासन, पवित्रता, संयम और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक है। यह पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की सीख देता है।

चंपारण की धरती से जुड़ाव रखने वाले प्रोफेसर ध्रुव कुमार ने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हजारों वर्षों से चली आ रही हमारी साझा सभ्यता, सांस्कृतिक जड़ों और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पर्व में जाति, वर्ग और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर लोग एक साथ श्रद्धा और समर्पण के साथ भाग लेते हैं।

अंत में उन्होंने छठी मइया और भगवान सूर्य से सभी व्रतियों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि छठी मइया और सूर्य देव सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें। बिहार सहित पूरे भारत में सुख-शांति, समृद्धि और प्रगति का संचार हो। उन्होंने देश-दुनिया के सभी लोगों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट