बोधगया : बिहार के बोधगया प्रखंड अंतर्गत अतिया पंचायत के विनोवापुरी गांव में आयोजित बाल दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने मुंबई में छठ पूजा के गीतों को बंद कराने को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें नसीहत दी.
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि छठ पूजा भगवान सूर्य की आराधना का महापर्व है. इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए. भारत विविधताओं वाला देश है, जहां अलग-अलग धर्म, भाषा, संस्कृति, रहन-सहन और आस्था के लोग एक साथ रहते हैं. यही भारत की पहचान है.
उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती अनेकता में एकता है. यहां हर धर्म और समुदाय के लोगों को अपनी आस्था और संस्कृति के अनुसार पर्व-त्योहार मनाने का अधिकार है. अगर कोई व्यक्ति छठ पूजा या उसके गीतों का विरोध करता है, तो यह उचित नहीं है. सभी को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं और संस्कृति का सम्मान करना चाहिए.
मांझी ने आगे कहा कि देश में अलग-अलग भाषाएं और संस्कृतियां हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी भारतीय एक हैं. भाषा और संस्कृति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए. हमें आपसी भाईचारे और एकता के साथ देश को आगे बढ़ाना है.
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने देशवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -
